अल्मोड़ा-जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले यहां गांधी पार्क में धरना दिया तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।धरने को सम्बोधित करते हुए सर्वदलीय संघर्ष समिति के संयोजक एवं नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनता को ठगने का कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि आज इस जनविरोधी प्राधिकरण को प्रारम्भ हुए तीन वर्षों से अधिक का समय हो गया है और जनता लगातार इसका पुरजोर विरोध कर रही है।परन्तु प्रदेश सरकार जनता की चिन्ता किये बिना अपनी पीठ थपथपाने में मस्त है।उन्होंने कहा कि जनता को अपनी ही भूमि में अपने भवन निर्माण में मानचित्र स्वीकृत कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और जो भवन मानचित्र स्वीकृत हो भी रहे हैं उनके लिए भारी भरकम शुल्क प्राधिकरण में जमा करना पड़ रहा है जो न्यायोचित नही है।समिति के प्रवक्ता राजीव कर्नाटक ने कहा कि जिला स्तरीय प्राधिकरण लागू करने से पहले भाजपा सरकार ने कोई तैयारी नहीं की।ना ही इस सरकार के द्वारा पर्वतीय क्षेत्र के लोगों की आर्थिक स्थिति का आकलन किया गया और ना ही पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का अध्ययन किया गया।श्री कर्नाटक ने कहा कि नब्बे प्रतिशत तक बस चुके अल्मोड़ा में प्राधिकरण लागू करने का क्या औचित्य है ये किसी की समझ में नहीं आ रहा।उन्होंने कहा कि कानून जनता की भलाई के लिए बनाये जाते हैं परन्तु भाजपा सरकार ने प्राधिकरण रूपी दानव को कानून बनाकर पर्वतीय क्षेत्रों की जनता पर थोप दिया।श्री कर्नाटक ने कहा कि प्राधिकरण के अटपटे नियमों से जनता इतनी परेशान है कि वह अपने लिए एक आशियाना तक नहीं बना पा रही है।उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा ना हो कि आने वाले समय में यह प्राधिकरण रूपी दानव पलायन जैसी गंभीर समस्या को जन्म दे।उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अब अविलम्ब जनहित में इस जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त किया जाए तथा जनता को राहत दी जाए।उन्होंने कहा कि प्राधिकरण लागू होने से नगरपालिकाओं की वित्तीय स्थिति भी लगातार खराब हो रही है।धरने की अध्यक्षता समिति के संयोजक प्रकाश चन्द्र जोशी और संचालन समिति के प्रवक्ता राजीव कर्नाटक ने किया।धरने में नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी,उपपा की आनन्दी वर्मा,प्रवक्ता राजीव कर्नाटक,दीपांशु पाण्डेय,वैभव पाण्डेय,कमल कोरंगा,राजू गिरी,शरद साह,चन्द्रमणि भट्ट,प्रताप सत्याल,पी एस बोरा,अख्तर हुसैन,पूरन मेहरा,चन्द्र कान्त जोशी,हेम तिवारी,के पी जोशी,मदन सिंह बिरौड़िया,भारतरत्न पाण्डेय सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
