अल्मोडा़-जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति ने आज अल्मोडा़ गांधी पार्क में धरना दिया।सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर समिति ने अपना रोष व्यक्त किया।इस अवसर पर सर्वदलीय संघर्ष समिति के प्रवक्ता राजीव कर्नाटक ने कहा कि नवम्बर 2017 में प्रदेश सरकार ने तुगलकी फरमान से पर्वतीय अंचल सहित पूरे प्रदेश में जनविरोधी जिला विकास प्राधिकरण को लागू कर दिया जिसका पिछले तीन वर्षों से समिति लगातार विरोध कर रही है।उन्होंने कहा कि प्राधिकरण लागू होने से जनता बेहद त्रस्त है तथा लगातार सरकार से इस जनविरोधी प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर लामबद्ध है।श्री कर्नाटक ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति एवम् बसासत को देखते हुए यहां प्राधिकरण का लागू किया जाना औचित्यहीन है।प्राधिकरण लागू होने से जहां एक ओर लोगों कोअपने भवन निर्माण के नक्शे स्वीकृत कराने में भारी परेशानियों का सामना करना पढ़ रहा है वही दूसरी ओर प्राधिकरण के भारी भरकम शुल्क को भी झेलना पढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि प्राधिकरण लागू होने से भवन निर्माणों में भी काफी कमी आयी है जिससे भवन निर्माण सामग्री बेचने वाले व्यवसाईयों के व्यवसाय में भी विपरीत प्रभाव पड़ा है।इसके साथ ही भवन निर्माण करने वाले राजमिस्त्रियों तथा श्रमिकों की आजीविका में भी फर्क पड़ा है।उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के अव्यवहारिक नियमों के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों के लिए भवन निर्माण करना बेहद कठिन हो गया है जो निश्चित रूप से आने वाले समय में पलायन जैसी गंभीर समस्या को जन्म देगा।श्री कर्नाटक ने कहा कि इसके साथ ही नगरीय क्षेत्रों में प्राधिकरण लागू होने से नगरपालिकाओं को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है।भवन निर्माण सम्बन्धित अधिकार 2017 से पहले नगरपालिकाओं के पास होने से जहां भवन मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए जनता को भी कम शुल्क देना पड़ता था वहीं दूसरी ओर इससे नगरपालिकाओं की भी आय होती थी।परन्तु नवम्बर 2017 में प्रदेश सरकार के द्वारा प्राधिकरण लागू किये जाने से जनता के साथ साथ नगरपालिकाओं की भी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।श्री कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश सरकार को जनहित में अविलम्ब इस जनविरोधी जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त करना चाहिए तथा भवन मानचित्र स्वीकृति सम्बन्धी सभी अधिकार पूर्व की भांति नगरपालिकाओं को देने चाहिए।श्री कर्नाटक ने कहा कि यदि शीध्र प्रदेश सरकार के द्वारा जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त नहीं किया गया तो सर्वदलीय संघर्ष समिति चरणबद्व तरीके से आन्दोलन को बाध्य होगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।धरने की अध्यक्षता प्रदेश कांंग्रेस कमेटी के सदस्य हर्ष कनवाल तथा संचालन कांंग्रेस जिला सचिव दीपांशु पाण्डेय ने किया।धरने में पूरन सिंह मेहरा,चन्द्रमणी भट्ट,पूरन सिंह मेहरा,पी०एस०बोरा,महेश चन्द्र आर्या,ललित मोहन पन्त,प्रताप सत्याल,कांंग्रेस जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, कांंग्रेस जिला सचिव दीपांशु पाण्डे,वरिष्ठ अधिवक्ता पी०सी०तिवारी,अख्तर हुसैन,राजू गिरी,सभाषद हेम तिवारी,अम्बीराम आर्या सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।