देहरादून-प्रशिक्षण के उपरांत नियुक्ति की मांग को लेकर उत्तराखंड के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगारों का धरना शिक्षा निदेशालय में जारी है।इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पवन मुस्यूनी ने कहा कि दो वर्ष का अनुशासित प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत भी विभाग द्वारा अभी तक नियुक्ति नहीं दी गई है,इसलिए आज बागेश्वर,अल्मोड़ा,ऊधमसिंह नगर आदि जनपदों के प्रशिक्षितों ने अपनी मांगों के लिए निदेशालय में डेरा डाल लिया है।प्रशिक्षितों ने कहा कि राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर अनेक फर्जी शिक्षक कार्यरत हैं।डायट से डीएलएड बीटीसी प्रशिक्षितो के प्रमाण पत्रों की जांच तो प्रशिक्षण में चयन के समय हो चुकी है फिर भी विभाग हमारी मांग के प्रति उदासीन बना हुआ है।उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं उत्तराखंड एकमात्र ऐसा राज्य है जहां डीएलएड प्रशिक्षण के लिए सेवायोजन के मानकों को अपनाया जाता है जो कि पटवारी भर्ती में भी अपनाया जाता है।यदि विभाग की ऐसी उदासीनता रही तो जल्द ही प्रशिक्षित आमरण अनशन करने को विवश होंगे।धरना देने वालों में सौरभ चौहान,विजय बिष्ट,प्रकाश रानी,श्वेता राजपाल,सपना विश्वकर्मा,ललिता पाल,सत्यपाल,अरविंद राणा,संदीप समेत अन्य प्रशिक्षित मौजूद रहे।