दन्यां-रविवार की देर रात ध्याड़ी के समीप अनोली के जंगल में भीषण आग लग गई। चीड़ के जंगल में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। रात को तेज चल रही हवा के चलते कुछ ही समय में जंगल के ऊपर स्थित पशु चिकित्सा केंद्र ध्याड़ी के भवन में आग लग गई। आस पास के लोगों ने रात में आग बुझाने की कोशिश की मगर आग पर काबू नहीं पाया जा सका। पशु चिकित्सा केंद्र के समीप ही लीसे का डीपो था। ग्रामीणों के प्रयासों से डीपो में रखे लीसे को बचा लिया गया। लोगों का कहना है कि यदि लीसे के डीपो में आग लग जाती तो आस पास के मकानों को भी खतरा हो सकता था। सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र सिंह भैसोड़ा, आनंद सिंह गैड़ा, पुष्कर सिंह बिनौली, हरीश सिंह सहित अनेक लोगों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि ध्याड़ी का यह पशु चिकित्सा केंद्र स्टाफ की कमी के चलते पिछले पांच सालों से बंद था। उन्होंने बताया कि आग लगने से भवन की लकड़ी और अंदर रखा फर्नीचर, अल्मारी आदि सामान जलकर राख हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *