अल्मोड़ा-आज प्रेस को जारी एक बयान में कांग्रेस की जिला महामंत्री श्रीमती गीता मेहरा ने कहा कि अल्मोड़ा में महिला,जिला और मेडिकल कॉलेज में तीनों जगह अल्ट्रासाउंड की मशीन लगी हुई है लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने से विगत कई माह से मेडिकल कॉलेज की अल्ट्रासाउंड मशीन बंद पड़ी है एवं जिला एवं महिला अस्पताल में भी अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था चरमराती रहती है जिससे गर्भवती महिलाओं को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की भौगोलिक स्थिति काफी विपरीत है। ऐसे में जब दूरदराज की ग्रामीण क्षेत्र से महिलाएं यहां अल्ट्रासाउंड के लिए आती हैं तो उन्हें कई दिन बात की तारीख दे दी जाती है जिससे उन्हें आने-जाने में तो असुविधा होती ही है साथ ही अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उनके ऊपर पड़ता है।उन्होंने कहा कि जब लाखों रुपए की अल्ट्रासाउंड मशीनें चिकित्सालय में लगाई गई है तो क्यों इतने लंबे समय से तीनों जगह रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं की गयी?केवल मशीन मात्र लगा देने से क्या होगा?उन्होंने कहा कि आज मेडिकल कॉलेज सिर्फ एक सफेद हाथी साबित हो रहा है।स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर मेडिकल कॉलेज के पास अपना अल्ट्रासाउंड करने वाला तक आदमी नहीं है।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान में इमरजेंसी आईसीयू,न्यूरो सर्जन,बर्न यूनिट का ना होना अपने आप में एक बड़ा प्रश्न चिन्ह लगाता है।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा के मेडिकल कॉलेज में केवल अल्मोड़ा नगर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी निर्भर हैं।अब यदि ऐसे में लोगों को जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध नहीं हो पाएंगी तो इतने बड़े मेडिकल कॉलेज के बनने का क्या लाभ?इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आए दिन देखना पड़ता है कि मेडिकल कॉलेज से रेफर हुए मरीजों को 108 एंबुलेंस तक नहीं मिल पाती। जिससे स्पष्ट होता है कि आज अल्मोड़ा में 108 आपातकालीन सेवा की क्या हालत है।उन्होंने कहा कि पिछले कई समय से मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक खोलने की बात कही जा रही है लेकिन आज इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी हकीकत यह है कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक तक नहीं खुल पाया।उन्होंने कहा कि जो बुनियादी सुविधाएं हैं कम से कम सरकार ने वह चिकित्सालय में उपलब्ध करानी चाहिए और खासकर महिलाओं की तकलीफों को देखते हुए जिला अस्पताल,महिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड करने के लिए विशेषज्ञ की तैनाती अविलंब की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *