अल्मोड़ा-अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से मेयर पद पर टिकट न मिलने से नाराज कांग्रेस के विभिन्न पदों पर रह चुके अमन अंसारी ने आज अपना निर्दलीय नामांकन कराया और नामांकन रैली के जरिए अल्मोड़ा बाजार में शक्ति प्रदर्शन किया।विदित हो कि अमन अंसारी के द्वारा कांग्रेस पार्टी से अल्मोड़ा ओबीसी आरक्षित सीट से मेयर पद के लिए दावेदारी की गई थी लेकिन विगत सायं कांग्रेस से टिकट न मिलने से नाराज अमन अंसारी ने पार्टी के समस्त पदों सहित प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही आज प्रातः उनके द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन कराया गया।इसके बाद उनके द्वारा अल्मोड़ा बाजार में नामांकन रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान अमन अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में जमीनी स्तर के कार्यकर्ता की कोई इज्जत नहीं है। कांग्रेस मनमानी तरीके से पैसे वालों और पहुंच वालों को चुनावों में टिकट देती है।उन्होंने कहा कि उनके ऊपर जनता का भारी दबाव था जिस कारण वह इस चुनाव में उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा नगर आज विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है।आज अल्मोड़ा नगर के अधिकांश रास्ते क्षतिग्रस्त हैं।अधिकांश जगहों पर पथ प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है।इसके साथ ही ड्रेनेज सिस्टम सही न होने के कारण अल्मोड़ा नगर की जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बंदरों की समस्या जो एक बड़ी समस्या बन चुकी है इसके निदान की बात तो लगातार जनप्रतिनिधियों के द्वारा की गई लेकिन किसी ने भी इस समस्या के समाधान का प्रयास नहीं किया।उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलता है और वह अल्मोड़ा के मेयर बनते हैं तो प्राथमिकता के तौर पर अल्मोड़ा नगर के सभी रास्तों के सुधारीकरण,पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था,नगर के ड्रेनेज सिस्टम को सही करने,आवारा जानवरों सहित बंदरों की समस्या के निवारण के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास करेंगे।इस दौरान उनके साथ सैकड़ों लोगों का हुजूम शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *