अल्मोडा़-युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मल रावत ने बीते दिन अल्मोड़ा जिला अस्पताल में धौलादेवी ब्लॉक की गर्भवती महिला की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि आए दिन हो रही ऐसी घटनाओं से वर्तमान में राज्य सरकार में आसीन भाजपा के जनप्रतिनिधियों को सबक लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सार्थक कदम उठाने चाहिए।कई बार अस्पताल की व्यवस्थाओं में खामियों के चलते कई मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है,जो दुखद है।उन्होंने कहा कि लगातार ऐसी घटनाओं के बाद भी भाजपा के किसी भी मंत्री,सांसद, विधायक द्वारा सरकार पर दबाव बनाकर अस्पताल की सुविधाओं में उजागर होती कमियों को दूर करने के लिए कोई व्यापक पहल नहीं की गई है।श्री रावत ने कहा कि वर्तमान भाजपा के कई बड़े नेता जिले से सरकार में है,बावजूद इसके अस्पताल में कई सुविधाओं का अभाव है,जिससे जनहानि होती रही है।अस्पताल की सुविधाओं में हो रही कमियों को दूर ना कर पाना भाजपा सरकार और नेताओं की नाकामी का प्रतीक है,स्थानीय नेताओं को जल्द इस ओर पहल करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि जिले से जिम्मेदार पदों पर कई जनप्रतिनिधियों के आसीन होने के बाद भी ऐसी घटनाओं से जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है,भाजपा सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना पड़ेगा।
