
अल्मोड़ा- सोबन सिंह जीना परिसर में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर परिसर के छात्रसंघ उपाध्यक्ष भूपेश सिंह गैडा ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर कार्यरत संविदा शिक्षकों के हितों की रक्षा की मांग की है।ज्ञापन के माध्यम से छात्रसंघ ने अवगत कराया कि विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षकों के पदों को भरने हेतु विज्ञप्ति जारी की गई है,जबकि इन पदों पर पूर्व से ही अतिथि एवं संविदा शिक्षक कार्यरत हैं।छात्रसंघ उपाध्यक्ष का कहना है कि लंबे समय से जो संविदा शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं इन शिक्षकों को दरकिनार कर नई नियुक्तियां करना उनके साथ अन्याय होगा।ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों की आयु अब प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने के दूर पहुंच चुकी है।ऐसे में यदि उन्हें हटाया जाता है तो उनके सामने आर्थिक संकट और पारिवारिक कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं।छात्रसंघ उपाध्यक्ष ने कहा कि इन शिक्षकों ने विश्वविद्यालय की गरिमा और शैक्षणिक व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।इसलिए भर्ती प्रक्रिया में उनके अनुभव और योगदान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।छात्रसंघ उपाध्यक्ष भूपेश सिंह गैडा ने कुलपति से मांग की है कि कार्यरत शिक्षकों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया में संशोधन किया जाए तथा उन्हें समुचित अवसर प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो छात्रसंघ आगे की रणनीति तय करेगा।छात्रसंघ उपाध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द ही इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए उचित निर्णय लेगा, ताकि शिक्षकों और छात्रों दोनों के हित सुरक्षित रह सके।

