अल्मोड़ा-आज छात्रसंघ महासचिव विशाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व मे आर्यन छात्र संगठन अल्मोड़ा ने क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तराखंड परिवहन निगम अल्मोड़ा को ज्ञापन प्रेषित किया जिसमे सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं को बस पास उपलब्ध कराने की बात कही गई।साथ ही विश्वविद्यालय से जुड़े प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या, समय-सारिणी एवं संचालन व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने की भी मांग की गई जिससे छात्रों को वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके। इस अवसर पर छात्रसंघ महासचिव विशाल बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय में अध्ययन करने वाले अधिकांश विद्यार्थी अल्मोड़ा जनपद के दूर-दराज़ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन आवागमन करते हैं।वर्तमान समय में परिवहन किराये में निरंतर वृद्धि तथा सीमित बस सुविधाओं के कारण छात्रों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।अनेक छात्र ऐसे परिवारों से आते हैं जिनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत सामान्य है।परिणामस्वरूप बढ़ता यात्रा व्यय उनकी शिक्षा की निरंतरता को प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित कर रहा है।कई विद्यार्थियों को समय पर कक्षाओं में पहुँचने,परीक्षा देने एवं शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।ऐसी स्थिति में उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा छात्र बस पास सुविधा का प्रारंभ किया जाना छात्र-हित में एक अत्यंत सराहनीय एवं आवश्यक कदम सिद्ध होगा।इस सुविधा से न केवल छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी,बल्कि नियमित,सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित होगा जिससे शिक्षा का स्तर एवं उपस्थिति दोनों में सुधार आएगा।साथ ही यह कदम राज्य सरकार की शिक्षा प्रोत्साहन नीति के अनुरूप भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *