अल्मोड़ा-राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज भावनगर तथा जाइडस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल दाहोद के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. सीबी त्रिपाठी के प्रवास के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए एक्स्ट्रा म्यूरल सह प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैच 2023, 2024 और 2025 के विद्यार्थियों ने भाग लिया। व्याख्यान में डॉ. त्रिपाठी ने स्वास्थ्य सेवा को राष्ट्र सेवा का माध्यम बताते हुए छात्रों से समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने परिसर को तंबाकू मुक्त, शराब मुक्त और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया तथा छात्रों को बेहतर डॉक्टर बनने के लिए नैतिक मूल्यों और अनुशासन पर जोर दिया। कार्यक्रम में संतुलित आहार के महत्व पर भी चर्चा की गई। इस दौरान छात्रों और शिक्षकों ने डॉ. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से खिचड़ी तैयार की, जिसमें 60 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। बैच 2023 की छात्रा प्रतिज्ञा राठौर को ‘मोस्ट पॉपुलर स्टूडेंट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. आनंद नारायण सिन्हा, डॉ. अंजली, डॉ. आशीष, डॉ. नीतू चौधरी और डॉ. अनिल पांडे सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
