अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि रौतेला ने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने एक बेहद सराहनीय कदम उठाया।उन्होंने माननीय राज्यमंत्री बाल विकास विभाग मंत्री रेखा आर्या के पत्र का संज्ञान लेते हुए बताया कि इस मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी ऐसे बच्चे जिन्होंने कोविड 19 महामारी से अपने माता पिता को खोया है उन सभी की जिम्मेदारी उठाएगी।राज्य के ऐसे बच्चों की आयु 21 वर्ष होने तक उनके भरण-पोषण व शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।उनको प्रतिमाह 3000 रुपए भत्ता दिया जाएगा।इन बच्चों के वयस्क होने तक उनकी पैतृक संपत्ति को बेचने का अधिकार किसी को नहीं होगा।साथ ही ऐसे सभी बच्चों को राज्य की सरकारी नौकरियों में 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जायेगा।प्रदेश में ऐसे बच्चों को भी प्रतिमाह 3000 रुपए का भरण-पोषण भत्ता दिया जायेगा जिनके परिवार में कमाने वाला एकमात्र मुखिया की मृत्यु कोविड -19 संक्रमण से हुई हो।जिलाध्यक्ष रवि रौतेला ने इस सराहनीय पहल के लिए मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार तीरथ सिंह रावत एवं राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) बाल विकास विभाग मंत्री श्रीमती रेखा आर्या का आभार व्यक्त किया।
