अल्मोड़ा-भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 137 वी जन्म जयंती आज अल्मोड़ा नगर में धूम धाम से मनाई गई।इस दौरान नंदा देवी मंदिर प्रांगण से मुख्य बाजार होते हुए प्रभात फेरी निकाली गई,जिसमे जनपद के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों,स्कूली बच्चों सहित अन्य ने भी प्रतिभाग किया।प्रभात फेरी का आयोजन मॉल रोड स्थित पंत पार्क तक किया गया।पंत पार्क में आयोजित कार्यक्रम में अल्मोड़ा जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें ऐसे जनपद में तैनाती मिली जहां से जीबी पंत के जैसे महान नेताओं ने देश की राजनीति एवं स्वतंत्रता आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया तथा देश हित में कार्य किए।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक गौरव के साथ साथ राजनैतिक चेतना के लिए भी प्रसिद्ध है।यहां जन्मे बहुत से प्रबुद्ध लोगों ने देश की राजनीति को एक नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज हमें उन सभी महापुरुषों से सीखने को जरूरत है, उनके बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है।इस दौरान एसएसपी देवेंद्र पींचा,निवर्तमान अध्यक्ष नगरपालिका प्रकाश चंद्र जोशी,पूर्व विधायक कैलाश शर्मा समेत अन्य गणमान्यों ने भी अपने अपने विचार रखे तथा स्व पंत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *