अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने कांग्रेस के उन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया जिनमें कांग्रेस ने उन पर नगर निगम चुनाव में धनबल,शराब बांटने और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।बुधवार को एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में बहुगुणा ने भाजपा की जीत के लिए अल्मोड़ा की जनता का आभार जताया और दावा किया कि जनता ने प्रदेश सरकार की नीतियों,मुख्यमंत्री की कार्यशैली और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा को जिताया है।उन्होंने कांग्रेस पर मेयर चुनाव में हार से बौखलाने और फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि रामशिला वार्ड में यूपी और बिहार से आए लोगों को फर्जी तरीके से मतदान कराने का प्रयास किया गया।जब उन्होंने इसका विरोध किया तो व्यापार मंडल के एक पदाधिकारी ने उनके साथ मारपीट की।हालांकि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप कर कांग्रेस की साजिश को नाकाम कर दिया।रमेश बहुगुणा ने कहा कि भाजपा ने ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ चुनाव लड़ा है। उन्होंने पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र को शत प्रतिशत लागू करने का वादा किया।उन्होंने कहा कि मेयर अजय वर्मा पूरी ईमानदारी से जनता के सहयोग से शहर के विकास के लिए कार्य करेंगे। बहुगुणा ने बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने को गंभीर विषय बताया और इसकी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।उन्होंने चुनाव में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को जीत का श्रेय देते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।इस मौके पर जिला महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट,जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी,मीडिया प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, ललित दोसाद,नगर अध्यक्ष मनोज जोशी,जगत तिवारी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *