लमगड़ा-विकास खंड लमगड़ा में आयोजित बीडीसी बैठक के दौरान क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य सुनीता कुंजवाल ने जिला प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है जिनका शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।बैठक में उन्होंने मांग करते हुए कहा कि तहसील में तहसीलदार और एसडीएम के बैठने के दिवस निश्चित किए जाएं ताकि दूर-दराज से आने वाली जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।इसके अलावा बजधार स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन के संचालन के लिए टेक्नीशियन की नियुक्ति करने की भी मांग की गई जिससे स्थानीय लोगों को उपचार के लिए अन्य स्थानों की दौड़ न लगानी पड़े।सुनीता कुंजवाल ने धौली गाड़िया से जैंती तक सड़क के डामरीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया और कहा कि इस मार्ग की हालत खराब होने से क्षेत्रीय जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।साथ ही उन्होंने जैंती स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस को पुनः चालू करवाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी इन मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह क्षेत्र की जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगी। उन्होंने प्रशासन से जनहित से जुड़े इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
