अल्मोड़ा-आज प्रैस को जारी एक बयान में नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा के कोषाध्यक्ष कार्तिक साह ने कहा कि अल्मोड़ा में व्यापारिक गतिविधियों के नाम पर लगने वाली प्रदर्शनियों से यहां के व्यापारियों का शोषण हो रहा है।उन्होंने कहा कि अभी भी कोरोना महामारी का खतरा बना हुआ है और संभावित तीसरी लहर का खतरा भी बना हुआ है।पिछले लगभग दो वर्षो से नगर के व्यापारी इसकी मार से त्रस्त है।व्यापार बुरी तरह से प्रभावित है जिससे व्यापारियों का किराया,लाइट पानी के बिल,टैक्स आदि के खर्चे निकाल पाना भी मुश्किल हो रहा हैं।पिछली दो लहरों में लगातार व्यापार बंद ही रहा है और अभी भी प्रभावित है।उन्होंने कहा कि बाहर से आकर यहां सैल/प्रदर्शनी लगाने वालों के कारण अल्मोड़ा के व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।आज कोरोना महामारी के दो साल बाद भी व्यापार पटरी पर नहीं लौटा है।ऐसे में अगर बाहर से व्यापारी यहां आकर सैल/प्रदर्शनी के नाम पर व्यवसाय शुरू कर देंगें तो अल्मोड़ा का व्यापारी केवल दुकानों में बैठा रह जाएगा।उन्होंने कहा कि सारे बिल,सारे टैक्स व्यापारी दे,सारे नियम का पालन व्यापारी करे और इसके बाद भी इस तरह की सैल/प्रदर्शनी लगते रहें ये गलत है।उन्होंने कहा कि कहीं ना कहीं ये एक बहुत बड़ी साजिश है अल्मोड़ा के व्यापार को खत्म करने की।उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की सेल/प्रदर्शनियों का व्यापक विरोध किया जाएगा।उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी व्यापारिक गतिविधि/सेल/प्रदर्शनी को अल्मोड़ा में अनुमति प्रदान नहीं की जाए।।
