अल्मोड़ा-नगर निगम चुनाव महीने भर से कम का समय रह गया है और यहाँ अल्मोड़ा की राजनीति में भूचाल आया हुआ है। बात करें शनिवार की तो यूँ तो शनिवार को मौसम काफी ठंडा रहा और दिन में बारिश रही लेकिन इस बीच एक खबर ने अल्मोड़ा में नगर निकाय चुनाव के दौरान चल रही राजनीति में गरमाहट ला दी। यहाँ नगर के एक होटल में कांग्रेस के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में पूर्व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष और भाजपा में विभिन्न पदों पर रह चुके भैरव गोस्वामी ने समर्थकों संग कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। भैरव गोस्वामी नगर के जाने माने चेहरे हैं और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी बढ़ चढ़कर भागीदारी रहती है। वह पूर्व में नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं और भाजपा में विभिन्न पदों का निर्वहन कर चुके हैं। कहा जा रहा है कि उनके कांग्रेस में शामिल होने से भाजपा को भारी क्षति होगी। इस बीच आज ही कांग्रेस में शामिल हुए भैरव गोस्वामी ने एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि ‘मैंने विगत 22 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी की सेवा की है और इस दौरान मैं विभिन्न पदों में रहा हूँ। लोकसभा व विधानसभा चुनावों में मैंने तन मन धन से पार्टी की सेवा की है। माननीय जिलाध्यक्ष बहुगुणा जी के इस तरह दुर्व्यवहार पूर्ण बयानों से मैं काफी आहत हूँ। यदि मैं पार्टी का कार्यकर्ता नहीं था तो क्यों पार्टी के बड़े पदाधिकारियों के द्वारा मेरे साथ लगातार दूरभाष से संपर्क किया जा रहा था और लगातार समाचार पत्रों मे मेरा नाम भारतीय जनता पार्टी मे संभावित मेयर प्रत्याशी के रूप में प्रकाशित हो रहा था, उस समय अध्यक्ष जी को याद क्यों नहीं आयी कि मै पार्टी का कार्यकर्ता नहीं हूँ, क्यों नहीं उस समय उन्होंने मेरी अखबारों में प्रकाशित दावेदारी का सार्वजनिक तौर पर खंडन किया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह अपेक्षा नहीं थी कि इतने वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी की सेवा करने के बाद मुझे इस तरह सिरे से नकार दिया जाएगा। यदि मैं पार्टी में नहीं था तो मुझे पद कैसे दिए गए? भाजपा द्वारा पार्टी की निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में इतनी सेवा करने के बाद मुझे कार्यकर्ता के रूप में नहीं माने जाने से मेरे दिल को काफी चोट पहुंची है। मैं भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान का कतई समर्थन नहीं करता हूँ और पूर्णतः खंडन करता हूँ।’आज मुझे और मेरे समर्थकों को कांग्रेस पार्टी ने सम्मान दिया है, मै भविष्य में भी लगातार कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रयासरत रहूँगा और आजीवन कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में कार्य करूँगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *