अल्मोड़ा- नव संवत्सर के अवसर पर अयोध्या में राष्ट्रपति द्वारा श्री राम दरबार एवं श्री राम यंत्र के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने यहां पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान वक्ताओं ने अयोध्या में हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया। पत्रकार वार्ता में राजीव गुरुरानी ने कहा कि अयोध्या में दो वर्ष पूर्व राम मंदिर निर्माण पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री द्वारा श्री रामलला की मूर्ति का उद्घाटन किया गया था, जबकि अब मंदिर के शेष निर्माण कार्य पूर्ण होने पर राष्ट्रपति द्वारा श्री राम दरबार एवं श्री राम यंत्र का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि लगभग 35 वर्ष पूर्व कारसेवा के दौरान उन्होंने बाबरी ढांचे में रामलला के दर्शन किए थे। उस समय उन्होंने अपने जीवनकाल में भव्य मंदिर निर्माण देखने की कल्पना नहीं की थी, लेकिन आज यह संकल्प पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर संदेह जताने वालों को अब जवाब मिल गया है। सोमनाथ मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भी राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा उद्घाटन किया गया था। इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, देवेश बिष्ट और विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री वेद प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *