अल्मोड़ा-असम राइफल भूतपूर्व कल्याण संगठन अखिल भारतीय (एरेवा) की जिला इकाई अल्मोड़ा के पूर्व सैनिकों ने शुक्रवार को 11 सूत्री मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध रैली निकाली। रैली सुबह 11 बजे से 12 बजे तक चौघानपाटा से शिखर होटल तक निकाली गई। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई। रैली का नेतृत्व राष्ट्रीय सचिव सूबेदार एम. सी. तिवारी, अध्यक्ष सूबेदार राम सिंह रावत, सचिव नायब सूबेदार बिशन सिंह बिष्ट और उपाध्यक्ष सूबेदार मोहन सिंह नेगी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों के साथ वीर नारियों और मातृशक्ति ने भी भाग लिया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि असम राइफल लंबे समय से कई मुद्दों पर उपेक्षा का सामना कर रही है। उन्होंने बल को एक्स-सर्विसमैन का दर्जा देने, समान कार्य के बदले समान वेतन लागू करने और कथित सौतेले व्यवहार को समाप्त करने की मांग रखी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मुख्यालय डीजीएआर शिलांग की ओर से एरेवा संगठन को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने और पेंशन बंद करने जैसी धमकी दिए जाने के शब्दों पर हस्तक्षेप किया जाए। पूर्व सैनिकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे राष्ट्रपति को भी ज्ञापन भेजा जाएगा। रैली में सूबेदार एम. सी. तिवारी, सूबेदार मेजर नारायण सिंह पैनवाल, सूबेदार मोहन सिंह नेगी, नायब सूबेदार बिशन सिंह बिष्ट, सूबेदार राम सिंह बिष्ट, सूबेदार राम सिंह रावत, सूबेदार चन्दन सिंह पैनवाल, हवलदार गणेश सिंह बिष्ट, सूबेदार हरीश चंद्र भट्ट, हवलदार विजय शाह और राइफलमैन अर्जुन सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।


