अल्मोड़ा-अल्मोड़ा कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में मंगलवार दिनांक 9 दिसम्बर को वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया।वार्षिक खेल दिवस का आयोजन अल्मोड़ा कैंट स्थित आर्मी के खेल मैदान में किया गया जहाँ अल्मोड़ा की आर्मी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर और आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा के वाइस चेयरमैन कर्नल जसप्रीत सिंह मुख्य अतिथि तथा फैमिली वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की चेयरपर्सन श्रीमती पंक्ति बरार विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे।खेल दिवस की शुरुआत में आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा के एन सी सी कैडेट्स सहित सभी विद्यार्थियों के द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट का प्रदर्शन कर खेल भावना बनाए रखने की शपथ ली और तत्पश्चात मुख्य अतिथि तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील जोशी सहित शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता सुरेश चंद्र सिंह,खेल प्रशिक्षक बी एस भंडारी द्वारा मशाल जलाकर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। वार्षिक खेल दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं सहित रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।खेल प्रतियोगिताओं में बालवाटिका विद्यार्थियों की बनाना रेस,कक्षा एक से पाँच तक के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर की दौड़,कक्षा छः से कक्षा आठ और कक्षा नौ से कक्षा बारह तक के विद्यार्थी समूह के लिए 100 मी, 200 मी , 400 मी रिले रेस आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।इन सभी खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने भरपूर जोश और उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इन प्रतियोगिताओं के साथ ही राधा,लगलू मंडाण,झोड़ा आदि गानों पर कुमाऊनी नृत्य, सामूहिक व्यायाम,सामूहिक योग तथा पिरामिड आदि रंगारंग तथा उत्साहवर्धक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।सभी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों व दशकों का मन मोह लिया।बच्चों के प्रति अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि कर्नल जसप्रीत सिंह ने समस्त विद्यालय परिवार को वार्षिक खेल दिवस पर आयोजित सभी कार्यक्रमों तथा प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु बधाई दी और विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *