अल्मोड़ा-आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और सहायिकाओं ने अपनी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को चौघानपाटा में धरना-प्रदर्शन किया। उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, जो भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है, के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन के बाद कार्यकर्तियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया को ज्ञापन भेजा। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और सहायिकाओं को लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हो पाया है। ज्ञापन में मानदेय बढ़ाने की प्रमुख मांग उठाई गई है, जिसमें हरियाणा, मध्यप्रदेश, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर बढ़ोतरी की बात कही गई है। इसके साथ ही पोषण ट्रैकर के लिए मिलने वाली मोबाइल रिचार्ज राशि बढ़ाने, टेक होम राशन की खरीद और वितरण में पारदर्शिता लाने तथा स्थानीय महिला समूहों को प्राथमिकता देने की मांग भी की गई है। कार्यकर्तियों ने पोषाहार की गुणवत्ता सुधारने, स्थानीय स्तर पर तैयार पोषाहार को बच्चों में वितरित करने और तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के लिए निर्धारित धनराशि बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पर्याप्त भवन और किराया व्यवस्था सुनिश्चित करने, तकनीकी समस्याओं के स्थायी समाधान, मासिक बैठकों में यात्रा भत्ता देने और दुर्गम क्षेत्रों में पोषाहार पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग रखी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
