अल्मोड़ा-अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर रविवार देर रात दर्दनाक हादसे में एक कैंटर के कंडक्टर की मौत हो गई। वाहन को रोकने के प्रयास में वह टायर और क्रैश बैरियर के बीच दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 1:10 बजे डायल 112 के माध्यम से भेटुली और अयारपानी के बीच एक व्यक्ति के कैंटर के नीचे दबे होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति वाहन और क्रैश बैरियर के बीच फंसा हुआ है। वाहन चालक सोनू पुत्र रामचंद्र निवासी बाड़ेश्वर, थाना भिवानी खेड़ा, जिला भिवानी (हरियाणा) ने बताया कि वह वाहन संख्या एचआर 46 एफ 2602 से डामर का केमिकल लेकर बागेश्वर जा रहे थे। भेटुली अयारपानी के पास एक अन्य वाहन को पास देते समय कैंटर के ब्रेक ठीक से नहीं लगे। इस पर कंडक्टर उपेंद्र सिंह नीचे उतरकर टायर के नीचे ओट लगाने लगा, तभी वाहन अचानक खिसककर नीचे की ओर बढ़ गया और वह पिछले टायर और क्रैश बैरियर के बीच दब गया। घटना के बाद आसपास मौजूद वाहन चालकों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी ताकुला राजेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *