अल्मोड़ा-रिद्धिम अग्रवाल पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रेंज नैनीताल की पहल मिशन संवाद–पुलिस परिवार के लिए करियर की नई राहें अभियान के अंतर्गत दिनांक 9 अप्रैल को चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन/मौजूदगी में पुलिस लाइन अल्मोड़ा में जनपद अल्मोड़ा एवं बागेश्वर के पुलिस परिवार के बच्चों हेतु एक व्यापक करियर काउंसलिंग गोष्ठी का आयोजन किया गया।दिल्ली से आमंत्रित गाइडेंस फॉर करियर के अनुभवी काउंसिलों द्वारा बच्चों को विभिन्न करियर विकल्पों पर आधुनिक रोजगार एवं अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। काउंसलिंग सत्र के दौरान परीक्षा कौशल विकास, क्षमता आधारित करियर चयन एवं विषय चयन की महत्ता पर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही बच्चों को उनकी रुचि एवं अभिरुचि के अनुसार सही दिशा में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे वे प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।करियर काउंसलिंग टीम द्वारा बच्चों की व्यक्तिगत रुचियों, क्षमताओं एवं अभिरुचियों का आकलन करते हुए उन्हें उपयुक्त करियर विकल्पों एवं उनसे संबंधित तैयारी की रणनीतियों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। सफल व्यक्तियों के प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बच्चों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, सुनियोजित ढंग से तैयारी करने तथा आत्मनिर्भर एवं जागरूक युवा बनने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों को सही करियर चयन में सहायता प्रदान करते हुए उन्हें जीवन में सफल बनाना रहा।इस दौरान सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह द्वारा अभिभावकों से संवाद स्थापित कर बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने,सकारात्मक वातावरण प्रदान करने एवं उनके मानसिक व शैक्षणिक विकास में सहयोग देने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।काउंसलिंग टीम का नेतृत्व मुख्य काउंसलर श्री राजीव मिश्रा द्वारा किया गया, जिनके साथ देवेंद्र राणा, नित्या द्विवेदी, योजना, सुभाष कांडपाल एवं निरुपम नौडियाल द्वारा बच्चों को प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा विशेषज्ञ काउंसलिंग टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान की सराहना करते हुए पुलिस परिवार के बच्चों के मार्गदर्शन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया। साथ ही उपस्थित बच्चों को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान पुलिस सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन रमेश चंद्र, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस मोहित कुमार सहित पुलिस परिवार के बच्चे एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *