अल्मोड़ा-आज मंगलवार 19 अगस्त को रेमजे विद्यालय के सभागार में ग्रीन हिल्स ट्रस्ट द्वारा अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल के अंतर्गत अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर विषय पर एक पोस्टर प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इस प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और सांस्कृतिक समझ का शानदार प्रदर्शन किया।
इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी स्थानीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा उनकी कला प्रतिभा को प्रोत्साहन देना था।प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को कुछ सप्ताह पूर्व पोस्टर बनाकर ट्रस्ट को भेजने के लिए आमंत्रित किया गया था।प्रतियोगिता में 30 विद्यालयों के कुल 175 बच्चों ने प्रतिभाग किया।बच्चों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से अल्मोड़ा की लोककला,स्थापत्य शैली,पारंपरिक पहनावा,रीति-रिवाज़,पर्व-त्योहार, हस्तशिल्प और संगीत को रंगों और रेखाओं के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के प्रसिद्ध चित्रकार खुर्रम अमीर रहे।उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा इन चित्रों में बच्चों की सांस्कृतिक समझ, कल्पनाशक्ति और भावना एक साथ झलकती है।यह कार्य केवल कलात्मक नहीं,बल्कि सांस्कृतिक दस्तावेज की तरह है।इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के सदस्यों में जीत उपाध्याय,जगमोहन आगरी,हर्ष साह शामिल थे।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी बच्चों ने जूनियर,सब जूनियर और सीनियर केटेगरी में अपनी बनाई हुई पेंटिंग का प्रस्तुतीकरण भी किया जिसके जरिए उन्होने अपनी पेंटिंग की थीम पर विचार रखे।इस प्रतियोगी के परिणाम 10 -12 अक्टूबर को मल्ला महल में आयोजित होने वाले अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल 2025 के मंच से घोषित किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि के तौर पर मीता उपाध्याय,मदनमोहन वर्मा, गिरीश मल्होत्रा,विनय विलसन,नीरज पंत,शोभा जोशी,लीला बोरा,डॉ दुर्गापाल उपस्थित रहे।इस कार्यक्रम का आयोजन अनोखे लाल एंड संस और हिमालय डेंटल केयर के सहयोग से किया गया।
