अल्मोड़ा-नशा मुक्ति की थीम के साथ मल्ला महल में तीन दिवसीय होली महोत्सव का शानदार रंगारंग आगाज हो गया है।नशा मुक्ति पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित होली महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा,महापौर नगर निगम अजय वर्मा समेत अन्य ने फीता काटकर किया।इस कार्यक्रम के तहत चौघानपाटा से बाजार होते हुए ऐतिहासिक मल्ला महल तक पदयात्रा निकली गई जिसमें नशा मुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।इस पदयात्रा में छोलिया दल,स्कूली बच्चे एवं महिला समूहों ने अपनी अपनी विभिन्न प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।मल्ला महल में आयोजित कार्यक्रम का द्वीप प्रज्वलन के साथ शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा के इस ऐतिहासिक मल्ला महल का विशेष महत्व है।ऐसे विशेष स्थान पर आयोजित इस होली महोत्सव का भी अपना महत्व है।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की होली देशभर में अपनी सांस्कृतिक विविधता के कारण अपना अलग स्थान रखती है। यह होली यहां की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं सांस्कृतिक संरक्षण का प्रतीक भी है।उन्होंने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार होली पर सभी तरह के द्वेष एवं भेदभाव को मिटाकर लोग एक दूसरे के प्रति सद्भाव के साथ यह त्यौहार मनाते हैं, उसी प्रकार इस त्यौहार पर नशे जैसी सामाजिक बुराई को छोड़कर एक सरल एवं मैत्रीपूर्ण समाज का निर्माण भी हमें करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराई किसी भी प्रकार की हो आज उसे त्यागने का दिन है।यहां बच्चे, बड़े, बूढ़े एवं महिलाएं नशा मुक्ति पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।हमें उनसे सीख लेनी चाहिए।उन्होंने इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी।मल्ला महल में आयोजित इस आयोजन में होली के विभिन्न सांस्कृतिक रूप देखने को मिले। जोहार सांस्कृतिक समूह,घुश्मेश्वर महिला समिति,महिला कल्याण संस्था,कोकिला महिला समूह, मां दुर्गा समूहों समेत स्कूली बच्चों ने होली के विभिन्न रूप प्रदर्शित किए तथा दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कुमाऊं की प्रसिद्ध संस्कृतिक परंपरा के रूप में बैठकी होली का आयोजन भी किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया।
मल्ला महल परिसर में बच्चों की रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया , जिसमें बच्चों ने सुंदर सुंदर रंगोली बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। यहां हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों के स्टाल भी लगाए गए जिसका लोगों ने भरपूर लाभ उठाया तथा अपनी स्थानीय कलाकारी को जाना।इस दौरान पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा,मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी,क्षेत्रीय पुरातात्विक अधिकारी सीएस चौहान, वीथिका सहायक जन्मजेय तिवारी समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति,कलाकार, स्कूली बच्चे एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *