अल्मोड़ा-जनपद अल्मोड़ा में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति एवं व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने हेतु जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा विस्तृत व्यवस्था लागू की गई है। वर्तमान स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए वितरण केंद्र के अनुसार ग्राहकों की सूची एवं रोस्टर तैयार किया गया है, जिसके अनुसार प्रतिदिन निर्धारित वितरण केंद्रों पर गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा।जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वितरण बिंदु पर ग्राहकों की सूची एक दिन पूर्व ही चस्पा कर दी जाएगी, जिससे संबंधित उपभोक्ता निर्धारित क्रम में ही गैस प्राप्त कर सकें। सूची में जिन उपभोक्ताओं का नाम होगा, उन्हीं को क्रमवार गैस वितरित की जाएगी, अन्य उपभोक्ताओं से अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी उपभोक्ता का नाम सूची में होने के बावजूद सिलेंडर उपलब्धता के अभाव में गैस नहीं मिल पाती है, तो ऐसे उपभोक्ताओं को अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही गैस बुकिंग के 10 दिनों के उपरांत सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।डी ए सी प्राप्त न होने की स्थिति में उपभोक्ताओं से अपनी संबंधित गैस एजेंसी में मोबाइल नंबर एवं पता अद्यतन कराने को कहा गया है।जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वितरण केंद्रों पर अव्यवस्था या अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।जनसामान्य से अपील की गई है कि निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें, जिससे गैस वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *