अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अल्मोड़ा द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की 164 वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्वदेशी संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष पंकज भकुनी ने की। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में स्वदेशी भावना,आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रेम को सशक्त करना रहा।अपने संबोधन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष पंकज भकुनी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक व्यक्तित्व नहीं बल्कि युवा चेतना के प्रतीक हैं।यह स्वदेशी संकल्प दौड़ युवाओं में आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है।जब युवा संकल्पित होता है तो देश का भविष्य स्वतः उज्ज्वल हो जाता है।भाजयुमो का प्रत्येक कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अल्मोड़ा नगर निगम के मेयर अजय वर्मा उपस्थित रहे।उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा आज का युवा ही कल का भारत है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को शक्ति,साहस और आत्मविश्वास का मार्ग दिखाया।यह स्वदेशी संकल्प दौड़ केवल एक आयोजन नहीं,बल्कि राष्ट्र के प्रति युवाओं की जागरूकता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुझे विश्वास है कि अल्मोड़ा का युवा राष्ट्रहित में अग्रणी भूमिका निभाएगा और भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रामकृष्ण कुटीर अल्मोड़ा से माधव जी महाराज उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट,प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा हरीश कनवाल,पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुण,ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट,जिला मंत्री मनोज जोशी तथा सौरभ वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।दौड़ में सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के नारों और स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चर्चा के साथ हुआ।इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं से स्वदेशी संकल्प को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम ने युवाओं में ऊर्जा,अनुशासन और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।


