अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे मंडल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जनपद अल्मोड़ा में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज हवालबाग एवं जागेश्वर मंडलों में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुए।इन प्रशिक्षण वर्गों में पार्टी के बूथ स्तर से लेकर शक्ति केंद्र संयोजक,मंडल पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं क्षेत्र में निवासरत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाना रहा।दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कुल 7 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न विषयों पर पार्टी के वरिष्ठ वक्ताओं द्वारा विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।प्रमुख विषयों में भारतीय जनता पार्टी का वैचारिक अधिष्ठान, पार्टी का गौरवशाली इतिहास, संगठन के विस्तार की रणनीति, कार्य पद्धति, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां तथा सोशल मीडिया एवं नमो ऐप का प्रभावी उपयोग शामिल रहे।जागेश्वर मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को जन-जन तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं और उनकी सक्रियता से ही संगठन का विस्तार संभव है।वहीं छठे सत्र में प्रकोष्ठ जिला संयोजक महिपाल बिष्ट ने सोशल मीडिया एवं नमो ऐप के उपयोग पर प्रशिक्षण देते हुए कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने की जानकारी दी।प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहें।
भाजपा का यह मंडल प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को न केवल वैचारिक रूप से मजबूत कर रहा है, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीकों और संचार माध्यमों के उपयोग में भी दक्ष बना रहा है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।मंडल प्रशिक्षण वर्ग में जिला प्रशिक्षण प्रमुख जिला महामंत्री प्रकाश भट,मंडल अध्यक्ष हरीश प्रसाद,मंडल महामंत्री महेंद्र मेहरा,हेम पांडे,वर्ग प्रमुख रेवाधर पांडे आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *