अल्मोड़ा-आगामी 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा को लेकर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा को निष्पक्ष,पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था,अभ्यर्थियों की सुविधाओं एवं मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।अपर जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जानकारी दी गई कि परीक्षा के लिए 29 सेक्टर मजिस्ट्रेट (रिजर्व सहित) तैनात किए गए हैं तथा जनपद में कुल 3005 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।सीडीएस परीक्षा की प्रथम पाली (अंग्रेजी) सुबह 9:00 से 11:00 बजे, द्वितीय पाली (सामान्य ज्ञान) 12:30 से 2:30 बजे तथा तृतीय पाली (प्रारंभिक गणित) 4:00 से 6:00 बजे तक आयोजित होगी।वहीं एनडीए एवं नौसेना अकादमी की प्रथम पाली (गणित) 10:00 से 12:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली (सामान्य योग्यता परीक्षा) 2:00 से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।बैठक में लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *