अल्मोड़ा-अल्मोड़ा महिला कांंग्रेस की जिलाध्यक्ष लता तिवारी ने आज जारी एक बयान में कहा कि अल्मोड़ा जनपद को कुमाऊं मण्डल से हटाकर गैरसैंण मण्डल में डालने का मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत का फैसला यहां की जनता के साथ छल है।इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष तिवारी ने कहा कि वर्तमान सरकार के मुख्यमंत्री की घोषणा के हिसाब से अल्मोड़ा जनपद नए बने मंडल गैरसैंण में शामिल हो जाएगा।जिससे अल्मोड़ा विधानसभा,जागेश्वर विधानसभा एवं सोमेश्वर विधानसभा के निवासियों को अपने कार्य हेतु गैरसैंण कमिश्नरी जाने में अतिरिक्त समय एवं अतिरिक्त धन खर्च करना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा नगर सांस्कृतिक होने के साथ साथ कुमाऊं की राजधानी भी हुआ करता था।आज इस फैसले से अब अल्मोड़ा के नागरिक कुमाऊँ मंडल से हट कर अब गैरसैंण मंडल के निवासी कहलाएंगे।हमारी प्राचीनतम और ऐतिहासिक पहचान जिस पर हमें गर्व था,आज वर्तमान सरकार और मुख्यमंत्री ने बिना यहाँ के निवासियों की राय जाने उसको बदल दिया।उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार को वर्तमान में जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने,युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर अपना फोकस करना चाहिए था।परन्तु सरकार अल्मोड़ा जनपद को गैरसैंण मण्डल में शामिल कर अल्मोड़ा की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करने का कार्य कर रही है जिसे कतई बर्दाश्त नही किया जा सकता।
