अल्मोड़ा-जिले में इन दिनों वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। धौलादेवी ब्लॉक में पिछले कुछ दिनों के भीतर सात लोगों की संदिग्ध मौत हो चुकी है। मृतकों में बुजुर्गों के साथ मध्यम आयु वर्ग के लोग भी शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक हुई सात मौतों में से दो की वजह हार्ट अटैक होने की संभावना है, जबकि शेष पांच मौतें संदिग्ध हैं। प्रारंभिक जांच में इन मामलों के पीछे वायरल संक्रमण की संभावना जताई जा रही है। डॉ. तिवारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों से 11 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें से सात की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें चार लोग टाइफाइड से संक्रमित पाए गए हैं। तीन अन्य लोगों की प्रारंभिक जांच में एक को स्क्रब टाइफस, दूसरे को लेप्टोस्पाइरोसिस और तीसरे को लाइम डिजीज होने की आशंका जताई गई है, जिनकी पुष्टि रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। सीएमओ ने यह भी बताया कि पानी की जांच रिपोर्ट में क्लोरोफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। इस पर जल संस्थान को तत्काल क्लोरीनीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि दूषित जल से फैलने वाले संक्रमण को रोका जा सके। वायरल संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी है। धौलादेवी के संवेदनशील इलाकों में 16 सब-सेंटरों पर 16 टीमें तैनात की गई हैं। इन टीमों में आशा कार्यकर्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और फार्मासिस्ट सहित सात से आठ सदस्य शामिल हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, पानी और खून के नमूने ले रहे हैं तथा बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं। एडिशनल सीएमओ और अन्य चिकित्सक लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. तिवारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के बुखार या संक्रमण के लक्षण दिखने पर स्वयं इलाज न करें। वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जाकर चिकित्सक से परामर्श लें और जांच कराएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को प्राकृतिक स्रोतों के पानी को उबालकर पीने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग शेष जांच रिपोर्टें आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *