अल्मोड़ा-भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने दावा किया है कि जिला पंचायत अध्यक्ष का पद इस बार भाजपा के खाते में जाएगा और पार्टी की प्रत्याशी हेमा गैड़ा भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगी। नयाल ने कहा कि 45 सदस्यीय जिला पंचायत में भाजपा को व्यापक समर्थन मिल रहा है और चुनाव तक कुछ निर्दलीय व कांग्रेस समर्थित सदस्य भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। नयाल ने बताया कि भाजपा में सभी लोग जिम्मेदार हैं और सभी की इच्छा है कि केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार के बाद जिले में भी पार्टी की सरकार बने। अल्मोड़ा जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित होने के बाद चुनावी मुकाबला तेज हो गया है। भाजपा ने खोला सीट से जिला पंचायत सदस्य हेमा गैड़ा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने खाकर सीट से सुनीता कुंजवाल को प्रत्याशी घोषित किया है। हेमा गैड़ा, जागेश्वर के विधायक मोहन सिंह मेहरा की भांजी हैं, जबकि सुनीता कुंजवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल की पुत्रवधू हैं। यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। वर्तमान में प्रदेश में भाजपा सत्ता में है और अल्मोड़ा जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में से चार—सल्ट, रानीखेत, सोमेश्वर और जागेश्वर—भाजपा के पास हैं, जिनमें रेखा आर्य कैबिनेट मंत्री हैं। वहीं द्वाराहाट और अल्मोड़ा विधानसभा सीट कांग्रेस के पास हैं। अल्मोड़ा जिला पंचायत में इस समय भाजपा समर्थित 14, कांग्रेस समर्थित 16 और निर्दलीय 15 सदस्य हैं। नयाल का कहना है कि भाजपा पूर्ण बहुमत की स्थिति में है और अध्यक्ष पद पर पार्टी का ही उम्मीदवार बैठेगा। रविवार को कैबिनेट मंत्री व सोमेश्वर विधायक रेखा आर्य के नेतृत्व में विजयी जिला पंचायत सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की। गौरतलब है कि 11 अगस्त को नामांकन होगा, जबकि 14 अगस्त को मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष का यह बयान कांग्रेस खेमे में हलचल पैदा करने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *