अल्मोड़ा-नगर के मुख्य बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर व्यापार मंडल की नगर उपाध्यक्ष जया साह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए आती हैं,लेकिन यहां मिलन चौक से थाना बाजार के बीच एक भी महिला शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।जया साह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बाजार क्षेत्र में शौचालय की कमी के कारण विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं और दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को असुविधा झेलनी पड़ती है।उन्होंने कहा कि स्वच्छता और महिलाओं की गरिमा को ध्यान में रखते हुए बाजार क्षेत्र में शीघ्र एक सुसज्जित महिला शौचालय का निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने यह भी कहा कि अल्मोड़ा एक महत्वपूर्ण पर्यटन और व्यापारिक नगर है जहां प्रतिदिन स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी पहुंचते हैं।ऐसे में महिलाओं के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव नगर की व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।जया साह ने जिलाधिकारी से मांग की कि नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर शीघ्र महिला शौचालय का निर्माण कराया जाए, ताकि महिलाओं को होने वाली असुविधा से राहत मिल सके।जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।व्यापार मंडल उपाध्यक्ष जया साह की ओर से उम्मीद जताई गई कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा जिससे बाजार आने वाली महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *