अल्मोड़ा-आज प्रैस को जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने कहा कि प्रदेश और केन्द्र की भाजपा सरकार अच्छे दिनों की नहीं बल्कि महंगाई की सरकार बनकर रह गयी है।उन्होंने कहा कि प्रतिदिन पेट्रोल,डीजल की कीमतों में वृद्वि करके आज पेट्रोल की कीमते एक सौ रूपये लीटर से ऊपर पहुंचा दी गयी हैं।लोगों की मूलभूत आवश्यकता में शामिल घरेलू रसोई गैस के सिलेंडर का मूल्य हजार रूपये प्रति सिलेन्डर तक पहुंचा दिया गया है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अप्रैल माह से जनता को तगड़ा झटका देते हुए भाजपा सरकार ने पानी और बिजली के बिलों में मूल्यवृद्धि कर दी है।श्री रौतेला ने कहा कि वर्तमान में खाद्य तेल,फलों,सब्जियों एवं दालों के दाम इतने अधिक बढ़ गये हैं कि आम आदमी,मध्यमवर्गीय और गरीब वर्ग के लिए इन्हें खरीद पाना सम्भव नहीं है।उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाओं के मूल्यों में भी सात प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोत्तरी कर सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है।उन्होंने कहा कि आज महंगाई इतनी बढ़ चुकी है कि एक मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार के सामने अपने परिवार का भरण पोषण तक करना मुश्किल हो रहा है।श्री रौतेला ने कहा कि जब उत्तराखंड सहित पांच राज्यों में चुनाव थे तब तक पेट्रोल,डीजल के मूल्यों में एक भी पैसे की बढ़ोत्तरी नहीं की गयी और चुनाव समाप्त होते ही लगातार प्रतिदिन पेट्रोल,डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी की जा रही है जो जनता के साथ स्पष्ट धोखा है।उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार नींद से जागे और जनहित में महंगाई को कम करने के लिए रणनीति बनाए।उन्होंने कहा कि कांंग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की इन जनविरोधी नीतियों के सामने झुकने वाली नहीं है।यदि भाजपा सरकार ने महंगाई पर रोक नहीं लगाई तो कांंग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आन्दोलन को बाध्य होगी।