अल्मोड़ा-आज अल्मोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रसार भारती नई दिल्ली को पत्र प्रेषित कर आकाशवाणी अल्मोड़ा के क्षतिग्रस्त भवनों की समुचित मरम्मत करवाने तथा इनका उपयोग करवाने के सम्बंध में पत्र प्रेषित किया।प्रेषित पत्र में नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि अल्मोड़ा नगर में स्थित आकाशवाणी केंद्र के स्टाफ क्वार्टर जो दो अलग-अलग स्थानों में बने हुए हैं उनकी हालत बहुत ही खराब हो चुकी है।ऐसा प्रतीत होता है कि इन क्वार्टरों की देखरेख मरम्मत आदि करने वाला कोई नहीं है। यह बिल्डिंग है बहुत लावारिस हो गई है तथा इनमें घास उग आई है।करोड़ों रुपए की लागत से बने हुए भवन अत्यंत ही जीर्ण शीर्ण अवस्था को प्राप्त हो गए हैं।यदि इनको तुरंत ठीक नहीं किया जाता है तो बहुत जल्दी इनकी हालत और बिगड़ जाएगी।यदि आपका विभाग अभी जाग जाता है तो कम धनराशि में भवनों की मरम्मत आदि का कार्य हो सकता है।क्योंकि नगर में प्रवेश करते ही इन भवनों की जीर्ण शीर्ण दशा जब नगर में प्रवेश करने वाले पर्यटक तथा नागरिक देखते हैं तो उनके ऊपर भी उक्त भवनों की खराब हालत को देखकर विपरीत प्रभाव पड़ता है तथा विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति उनके मन में कई प्रकार के प्रश्न उठते हैं।नगरपालिका अध्यक्ष ने सुझाव देते हुए कहा है कि यथाशीघ्र इन भवनों की मरम्मत करने में विशेष ध्यान दिया जाए तथा बदतर होती जा रही स्थिति को रोका जाए।उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि यदि आपके विभाग के कर्मचारियों की आवश्यकता से अधिक क्वार्टर हो तो उनको जिला प्रशासन के साथ अनुबंध कर सरकारी कर्मचारियों को आवासीय सुविधा प्रदान कराये जाने के लिए निर्धारित किराया लेकर काम में लाया जा सकता है।अन्यथा जनता के पैसे से बने हुए इन भवनों की बर्बादी होना निश्चित है।उन्होंने पत्र के माध्यम से आग्रह किया कि तत्काल इन भवनों को सुधारे जाने तथा इनकी आवश्यक मरम्मत आदि कराए जाने के लिए यथाशीघ्र व्यवस्था करें तथा इस कार्यवाही से अवगत करायें।
