अल्मोडा़-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर अल्मोडा़ के कांग्रेसजनों ने आज स्थानीय गांधी पार्क चौघानपाटा में सूबे के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया व नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार अल्मोडा़ के कांग्रेसजन आज दोपहर 12 बजे कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला के नेतृत्व में स्थानीय गांधी पार्क में एकत्रित हुए तथा मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।इस अवसर पर कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश ने भाजपा सरकार के जीरो टालरेंस की पोल खोलकर रख दी है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री पर आरोप लगा है कि जब 2016 में वह झारखंड के भाजपा प्रभारी थे तो उन्होंने भाजपा नेता को झारखंड गौ सेवा का अध्यक्ष बनाए जाने के एवज में 25 लाख रूपये की रकम अपने एक रिश्तेदार के बैंक खाते में डलवाई थी।जिसे गंभीरता से लेते हुए माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री के खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं।श्री रौतेला ने कहा कि किसी मुख्यमंत्री पर इस तरह के आरोप लगना बेहद शर्मनाक है तथा मुख्यमंत्री को तत्काल नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।श्री रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री को सीबीआई जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए और यदि मुख्यमंत्री पर लगे आरोप निराधार हैं तो उन्हें जांच का सामना करना चाहिए जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।पुतला दहन कार्यक्रम में कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला,महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी,जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी,जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक,जिला सचिव दीपांशु पान्डे,वरिष्ठ कांग्रेसी हर्ष कनवाल,जिला उपाध्यक्ष विनोद वैष्णव, पूर्व प्रदेश सचिव राबिन मनोज भण्डारी,ब्लाक अध्यक्ष राजेन्द्र बोरा,यूथ जिलाध्यक्ष निर्मल रावत,क्षेत्र पंचायत सदस्य शेखर पान्डेय,उपाध्यक्ष पारितोष जोशी,फाकिर खान,विक्रम सिंह बिष्ट,कार्तिक साह,उमेश गुरूरानी, रोहन आर्या,अशोक ग्वासीकोटी,रमेश नेगी सहित दर्जनों कांंग्रेसजन उपस्थित रहे।