अल्मोड़ा-प्रैस को जारी एक बयान में नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा के महासचिव मयंक बिष्ट ने नगरपालिका अल्मोड़ा पर जनता एवं व्यापारियों को भ्रमित करने का आरोप लगाया है।महासचिव मयंक बिष्ट ने कहा है कि नगरपालिका द्वारा मुख्य बाजार के गेट को बंद करने के प्रकरण को लेकर व्यापार मंडल की सहमति का भ्रामक बयान दिया गया है।व्यापार मंडल कभी भी नगरपालिका द्वारा तय किये गये किसी भी मानक एवं प्रक्रिया का हिस्सा नहीं था।ऐसे में गेटबंदी के प्रकरण को लेकर बेवजह व्यापार मंडल को बदनाम किया जा रहा है।नगरपालिका द्वारा स्वयं अपनी बोर्ड बैठक में मुख्य बाजार के गेट को बंद किये जाने व कर वसूले जाने के प्रस्ताव को तय कर लिया था।व्यापार मंडल से केवल सहमति जानने हेतु बात की गयी थी।बिना पूरी बातचीत के निष्कर्ष के व्यापार मंडल की सहमति की बात मीडिया में करना सरासर गलत है।व्यापार मंडल एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी कभी भी इस तरह के प्रस्ताव के समर्थक नहीं रहे हैं।महासचिव मयंक बिष्ट ने स्पष्ट किया कि बाजार में गेट लगाकर कर वसूलने की प्रक्रिया का व्यापार मंडल ने कभी समर्थन नहीं किया।नगरपालिका को ऐसे भ्रामक प्रचार करने से बाज आना चाहिए।उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारी हितों के लिए पूर्व की भांति हर स्तर पर मुखर रहेगी।
