देहरादून-मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री नरेन्द्र प्रसाद आगरी ने देहरादून में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करके उन्हें विधानसभा जागेश्वर की समस्याओं से अवगत कराया।जिला मंत्री आगरी ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही विधानसभा की समस्याओं के निराकरण के लिए समुचित कदम उठाए जाएंगे।जिला मंत्री आगरी ने बताया कि जागेश्वर विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं की दशा सुधारने के मुद्दे पर उनके द्वारा मुख्यमंत्री से विस्तार से वार्ता की गयी।क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधारने,विद्यालयों की स्थिति सुधारने के सम्बन्ध में भी उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया।आगरी ने कहा कि जागेश्वर के कई गांव आज भी ऐसे हैं जहां सड़क नहीं पहुंच पाई है।आज भी कई सड़के पक्की नहीं की गयी हैं।उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि सड़कों से वंचित गांवों को सड़कों से जोड़ने एवं कच्ची सड़कों को पक्का किये जाने की कार्यवाही भी अविलम्ब की जाए।आगरी ने बताया कि विधानसभा में लम्बित पड़ी पेयजल योजनाओं को सुचारू करवाने के लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है।श्री आगरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों पर अतिशीघ्र कार्यवाही की जाएगी एवम् समस्याओं के समाधान के लिए अतिशीघ्र कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।विदित हो कि भाजपा जिला मंत्री नरेन्द्र प्रसाद आगरी जागेश्वर क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।कोरोनाकाल में भी उनके द्वारा लगातार जनता के बीच में रहकर जनता की मदद की गयी थी तथा स्वप्रयासों से काफी वृहद स्तर पर मास्क,सैनेटाईजर तथा राहत सामग्री जरूरतमंदों को वितरित की गयी थी।
