अल्मोड़ा-आज प्रैस को जारी एक बयान में नगर कांंग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने नगर क्षेत्र में बाधित पेयजल आपूर्ति पर गहरा रोष व्यक्त किया।श्री रौतेला ने कहा कि आये दिन अल्मोड़ा की पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है।आज फिर अल्मोड़ा नगर में जल संस्थान द्वारा पेयजल वितरण नहीं किया गया जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।उन्होंने कहा कि करोड़ो रूपये खर्च करने के बाद बना इंटकवेल भी लोगों की प्यास नहीं बुझा पा रहा है तो ऐसा प्रतीत होता है कि इंटकवेल निर्माण में भारी अनियमितताएं हुई हैं।उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से भी अधिक समय से कांग्रेस लगातार इस इंटकवेल निर्माण की मांग प्रदेश सरकार से कर रही है।पूर्व में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा इंटकवेल निर्माण की एस आई टी जांच की बात कही भी गयी थी परन्तु फिर यह मामला क्यों ठन्डे बस्ते में चला गया यह समझ से परे है।उन्होंने कहा कि नगर में पानी की भारी किल्लत हो रही है।जल संस्थान नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति करने में असफल साबित हो रहा है।जल संस्थान के अधिकारियों से पूछने पर उनके द्वारा जवाब मिलता है कि बरसात के कारण बाड़ आने से गाद आ गयी जिस कारण पानी लिफ्ट नही हो सका।श्री रौतेला ने कहा कि इंटकवेल का कार्य ही पानी को छानकर आगे सप्लाई करना है।यदि करोड़ों रूपये की लागत से बना यह इंटकवेल भी पानी की आपूर्ति करने में सक्षम नहीं है तो स्पष्ट होता है कि इस इंटकवेल निर्माण में खामियां हैं।उन्होंने कहा कि कांंग्रेस पार्टी सरकार से मांग करती है कि जल संस्थान के अधिकारियों से वार्ता कर अविलम्ब नगर की पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाए एवं इंटकवेल निर्माण की एस आई टी जांच की जाए।यदि इन मांगों पर अविलम्ब कार्यवाही अमल में नहीं लाई गयी तो कांंग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार और सम्बन्धित विभागों के विरूद्ध आन्दोलन करने को बाध्य होगी।