अल्मोड़ा-भारतीय सेना के जवानों ने हमेशा ही पर्यावरण को अपना साथी माना है एवं इसका सरंक्षण और विकास हमेशा से ही हमारी सेना का एक महत्वपूर्ण अंग रहा है।हरी-भरी छावनी एवं घने पेड़ों और पौधों से लहलहाते हुए मिलिट्री स्टेशन भारतीय सेना की प्रकृतिक संरक्षण के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।पूरे विश्व में 28 जुलाई “पर्यावरण संरक्षण दिवस” के रूप में मनाया जाता है और इस वर्ष 2021 के लिए संयुक्त राष्ट्र ने दिवस का विषय वन और आजीविका लोगों और ग्रह का संरक्षण रखा है।वनीकरण हमेशा ही सेना की संस्कृति का एक अभूतपूर्व अंग रहा है और अल्मोड़ा आर्मी यूनिट ने पिछले 3 सालों में हजारों पौधों का वृक्षारोपण करके एक मिसाल कायम की है एवं अल्मोड़ा को हरा भरा बनाने में एक अहम योगदान दिया है।इस बार भी गरुड़ डिवीजन की कांगो ब्रिगेड की अल्मोड़ा आर्मी यूनिट ने अपनी परंपरा को कायम रखा और बुद्धवार को इको टेरिटोरियल बटालियन (आर्मी) कैंट बोर्ड अल्मोड़ा एवं कृषि विभाग अल्मोड़ा के सहयोग से एक बड़े सत्र का सामूहिक वृक्षारोपण किया।वृक्षारोपण का आरंभ आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा के बच्चों एवं भारतीय सेना के उच्च अधिकारियों ने पौधे लगाकर किया।इस वृक्षारोपण समारोह में 10000 पौधे लगाए गए जिसने हरी छावनी स्वच्छ छावनी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए भी एक अहम योगदान निभाया जो जवानों एवं अल्मोड़ा के लोगों के लिए एक बेहतर एवं स्वच्छ भविष्य बनाने में योगदान करेगा।
