बागेश्वर-जगथाना गांव में नेटवर्क ना होने के कारण लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।नेटवर्क के लिए उन्हें 10 से 15 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है।इस समस्या को देखते हुए गांव के कुछ जागरूक युवाओं ने जियो का नेटवर्क गाँव में लगाने का प्रस्ताव बनाया जिसमें ग्राम प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य के हस्ताक्षर के साथ लगभग 150 से अधिक परिवारों के मुखिया के हस्ताक्षर के साथ प्रस्ताव रिलायंस के राज्य समन्वय अधिकारी को भेज दिया गया है।प्रस्ताव बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले गंगा सिंह बसेड़ा ने बताया कि जगथाना में करीब 600 परिवार निवास करते हैं जिनकी आबादी 1550 से अधिक है किंतु अभी तक गाँव में किसी भी कंपनी का नेटवर्क नहीं लगा है।जबकि इससे छोटे गावों में नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध है।नेटवर्क ना होने से लोगों को छोटे से छोटे काम के लिए भी बागेश्वर आना होता है।एक तरफ सभी चीजें ऑनलाइन की जा रही हैं और दूसरी तरफ इस प्रकार की अव्यवस्था फैली हुई है ऐसे में कैसे गांव के लोग तकनीकी से जुड़ पाएंगे।वहीं गाव के दयाल दानू का कहना है कि गाँव में नेटवर्क ना होने से बच्चे न तो ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं औऱ ना ही शिक्षक ऑनलाइन शिक्षण कर पाते हैं।इसके लिए बागेश्वर किराए में कमरा लेना पड़ता तब जाकर ऑनलाइन कार्य होते हैं।सभी ग्रामीणों ने सभी जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे भी इसमें समर्थन दें ताकि गांव को देश -दुनिया से जोड़ने में मदद मिले और ऑनलाइन कार्यों को गाँव में ही सम्पन्न किया जा सके।इस प्रस्ताव को भेजने के दौरान गंगा सिंह बसेड़ा,दयाल दानू,जीवन दानू,प्रमोद दानू, गिरीश मिश्रा,योगेश बिष्ट,नंदन सिंह बसेड़ा,हीरा बसेड़ा आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।