अल्मोड़ा-पिछले दो तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश से निर्माणाधीन मनान सिलंगियां मोटर मार्ग की कई दीवारें ढह गई हैं।सड़क निर्माण का मलबा अब ठीक नीचे बसे सिलंगियां गांव के लोगों के लिए खतरे का सबब बन गया है।क्योंकि मलबा और बड़े बड़े बोल्डर अब गांव में बने घरों की ओर खिसक रहे हैं।जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल ने इस संबंध में बाल विकास मंत्री रेखा आर्या को दिए ज्ञापन में कहा है कि पिछले वर्ष भी बारिश के कारण इस सड़क मार्ग को नुकसान पहुंचा था।सड़क के मलबे के कारण लोगों के घरों के आंगन टूट गए थे।जबकि कुछ आवासीय भवनों को बेहद नुकसान भी पहुंचा था।नयाल ने कहा कि इस बार भी मानसून की बारिश से इस सड़क मार्ग की अनेक दीवारें ध्वस्त हो गई हैं और सड़क निर्माण का मलबा गांव की तरफ आ रहा है।जिससे यहां कभी भी कोई भी हादसा हो सकता है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण कई बार इस मलबे को हटाने की मांग विभाग से कर चुके हैं।लेकिन आज तक कोई कार्यवाई नहीं हो पाई। नयाल ने कहा है कि सड़क निर्माण के कारण गांव की पेयजल लाइनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।नयाल ने बाल विकास मंत्री को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों को आवासों को सुरक्षित रखने के यहां पक्के निर्मण कराए जाने और मलबे को तत्काल हटाए जाने की मांग की है।
