अल्मोड़ा-नारी शक्ति को देश के शासन और जनप्रतिनिधित्व में समान एवं प्रभावी भागीदारी दिलाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का संकल्प रहा है।इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 132 वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिया जाना देश की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह कहना है भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम पालीवाल का।भाजपा महिला मोर्चा अल्मोड़ा की जिलाध्यक्ष पूनम पालीवाल ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। अब इसे शीघ्र लागू करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया कदम देश की करोड़ों महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी अधिक समावेशी और प्रतिनिधिक बनेगा,जब महिलाओं की भागीदारी केवल परिवार,समाज और राष्ट्र निर्माण तक ही नहीं, बल्कि नीति निर्माण,कानून निर्माण और शासन संचालन में भी सुनिश्चित होगी।लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं का बढ़ता प्रतिनिधित्व देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई दिशा देगा तथा महिलाओं के विचारों,अनुभवों और प्राथमिकताओं को निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान मिलेगा।पालीवाल ने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। ऐसे में उन्हें जनप्रतिनिधित्व के क्षेत्र में भी पर्याप्त अवसर और भागीदारी मिलना समय की आवश्यकता है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों की बेटियों के लिए राजनीति और नेतृत्व के नए अवसरों के द्वार खोलेगी।अंत में उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पहल का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि नारी शक्ति केवल राष्ट्र की शक्ति ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करने वाली सशक्त भागीदार भी है। उन्होंने इसे दूरदर्शी पहल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का समस्त मातृशक्ति की ओर से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *