देहरादून-उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड के पवाड़ी गांव में आग लगने से हुई भीषण आपदा के बाद प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने राहत अभियान तेज कर दिया है।रेडक्रॉस की ओर से लगातार दूसरे दिन प्रभावितों तक राहत सामग्री पहुंचाने की पहल की गई है।रेडक्रॉस सोसायटी उत्तरकाशी के पास उपलब्ध राहत सामग्री जिला प्रशासन को तत्काल उपलब्ध कराने के बाद बुधवार सुबह राज्य रेडक्रॉस मुख्यालय से राहत सामग्री से भरा एक वाहन आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना किया गया।राज्य रेडक्रॉस के चेयरमैन ओंकार बहुगुणा के निर्देश पर भेजे गए वाहन में 60 त्रिपाल,60 कंबल,10 टेंट,24 किचन सेट के साथ जैकेट,टोपी एवं अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।इसके साथ ही रेडक्रॉस के स्थानीय स्वयंसेवकों को भी तत्काल आपदा स्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य रेडक्रॉस नेतृत्व की निगरानी और मार्गदर्शन में राहत एवं सहायता कार्यों को गति दी जा रही है।रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने बताया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना रेडक्रॉस की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि संस्था पीड़ितों की मदद के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।वहीं रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के जनरल सेक्रेटरी डॉ जेएन नौटियाल ने भी राहत सामग्री तत्काल आपदा स्थल तक पहुंचाने और स्थानीय स्वयंसेवकों को राहत वितरण में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *