अल्मोड़ा- देहरादून में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल जवानों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को अल्मोड़ा में जवानों का आक्रोश फूट पड़ा। जिलेभर से विकास भवन पहुंचे जवानों ने जिला युवा कल्याण कार्यालय में तालाबंदी कर परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लाठीचार्ज की घटना पर नाराजगी जताई। पीआरडी जवानों ने कहा कि वे विपरीत परिस्थितियों में पुलिस और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी निभा रहे हैं। मेलों, चुनाव, आपदा और कानून व्यवस्था से जुड़े कार्यों में उनकी सेवाएं ली जाती हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सालभर रोजगार, महंगाई भत्ता और समान काम के लिए समान वेतन की मांग उठाई। जवानों ने कहा कि वर्तमान में उन्हें वर्ष में कुछ ही महीनों की ड्यूटी मिलती है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सेवा शर्तों में सुधार के साथ नियमित रोजगार की मांग की। उनका कहना था कि बेहतर सेवा शर्तें और नियमित रोजगार मिलने से पीआरडी जवानों को आर्थिक स्थिरता मिल सकेगी। पीआरडी संगठन के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे जवानों ने कहा कि वे लंबे समय से होमगार्ड के समान वेतन-भत्ते और सालभर नियमित रोजगार की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने देहरादून में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जवानों पर लाठीचार्ज को निंदनीय बताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और जल्द ही समान वेतन-भत्ते तथा नियमित रोजगार को लेकर शासनादेश जारी नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में विनोद लटवाल, दलीप सिंह, विजय कुमार, सचिन सैलानी, इंद्र राम, नवीन पांडे, मीनू साह, महेंद्र चंद्र, कृपाल सिंह, किशन राम, संतोष कुमार, हरीश सिंह, भूपेंद्र सिंह, मोहन सिंह, प्रमोद कुमार आर्या, अरुण कुमार, नारायण चंद्र, पूजा, भुवन, शिवराज सिंह, उमेद परिहार, अनुज कुमार, हेमंत कुमार, राजेंद्र सिंह, कमल सिंह, नवल बिष्ट, भागवत सिंह सहित बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *