अल्मोड़ा-जौलजीबी मेले में धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़े घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं का रवैया दोहरे राजनीतिक मापदंड को उजागर करता है। हल्द्वानी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं से जुड़े निंदनीय घटनाक्रम पर भाजपा की चुप्पी और जौलजीबी प्रकरण को लेकर अनावश्यक हंगामा खड़ा करना कई सवाल पैदा करता है।वैभव पांडे ने कहा कि विधायक हरीश धामी अपनी विधानसभा धारचूला की जनसमस्याओं और सीमांत क्षेत्र की जनता की परेशानियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखना चाहते थे, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रूप से उन्हें अपनी बात रखने तक का अवसर नहीं मिला। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के बाद जब विधायक ने मंच से अपनी बात रखने का प्रयास किया तो भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम का साउंड बंद करा दिया गया। यह एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की आवाज को दबाने और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान करने जैसा है।उन्होंने कहा कि आखिर एक निर्वाचित विधायक अपनी विधानसभा की समस्याएं किसके सामने रखेगा? जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर विधानसभा तक पहुंचाया है और अपनी जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाना उनका लोकतांत्रिक दायित्व है। यदि मुख्यमंत्री के सामने भी किसी विधायक को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलता तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
वैभव पांडे ने कहा कि किसी भी घटनाक्रम को समझने के लिए उसकी पूरी पृष्ठभूमि जानना आवश्यक है। विधायक को अपनी बात रखने से रोका गया और उसके बाद उत्पन्न स्थिति को केवल हंगामे और अनुशासनहीनता के रूप में प्रचारित करना उचित नहीं है। भाजपा के नेताओं को पहले यह बताना चाहिए कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अपनी विधानसभा की समस्याएं रखने से क्यों रोका गया?उन्होंने हल्द्वानी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं से जुड़े घटनाक्रम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वहां सामने आई निंदनीय घटना पर भाजपा के नेताओं को जवाब देना चाहिए। युवाओं और आम जनता से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों पर निष्पक्षता से बात होनी चाहिए, लेकिन भाजपा के नेता उस मामले पर जवाबदेही तय करने के बजाय जौलजीबी प्रकरण को राजनीतिक रंग देकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। यदि भाजपा कानून, अनुशासन और मर्यादा की बात करती है तो उसे सभी घटनाओं पर समान दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। राजनीतिक सुविधा के अनुसार किसी घटना को बड़ा और किसी को छोटा बताना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक सौहार्द का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मेले की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, लेकिन मेले के मंच पर जनप्रतिनिधियों का सम्मान और उनकी बात सुनना भी उतना ही जरूरी है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन जनहित के मुद्दों पर संवाद का रास्ता कभी बंद नहीं होना चाहिए।वैभव पांडे ने कहा कि भाजपा को राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर जनता के वास्तविक सवालों का जवाब देना चाहिए। हल्द्वानी की घटना पर निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए और जौलजीबी में विधायक हरीश धामी के साथ हुए घटनाक्रम को भी निष्पक्षता से देखा जाना चाहिए।उन्होंने अंत में कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि की आवाज दबाना सत्ता की ताकत नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की कमजोरी को दर्शाता है। जनता ने अपने प्रतिनिधियों को सवाल पूछने और समस्याएं उठाने के लिए चुना है, इसलिए उनकी आवाज को दबाने के बजाय सुनने की लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *