अल्मोड़ा-ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में सामने आए घटनाक्रम को लेकर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता देवाशीष नेगी ने कांग्रेस विधायक हरीश धामी एवं कांग्रेस नेताओं पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेला उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति,परंपराओं और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।ऐसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मंच पर कथित मारपीट,गाली-गलौज, माइक फेंकने और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं की खबरें बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।यदि ये घटनाएं हुई हैं तो यह केवल एक मेले की गरिमा का नहीं,बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं का भी अपमान है।देवाशीष नेगी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का पद जनता की सेवा,सम्मान और विश्वास का प्रतीक होता है न कि दबंगई दिखाने का माध्यम। लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है,लेकिन सार्वजनिक मंच पर मर्यादा और संयम बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। राजनीतिक मतभेदों को गाली-गलौज,टकराव और तोड़फोड़ तक पहुंचाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता।उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सांस्कृतिक आयोजनों को राजनीतिक टकराव का अखाड़ा क्यों बनाया जा रहा है? माइक फेंकना, कुर्सियां तोड़ना और मंच पर अभद्र भाषा का प्रयोग करना किस तरह की राजनीतिक संस्कृति को प्रदर्शित करता है? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और बताना चाहिए कि पार्टी ऐसे व्यवहार को लेकर क्या रुख रखती है।नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी शांतिप्रिय संस्कृति,अतिथि सत्कार, लोकपरंपराओं और आपसी भाईचारे से है।जौलजीबी जैसे ऐतिहासिक मेले में इस प्रकार के विवादों से प्रदेश की छवि प्रभावित होती है।कांग्रेस को इस मामले में जिम्मेदारी दिखाते हुए जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को रोजगार,विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत व्यवस्थाएं चाहिए, न कि राजनीतिक टकराव और सार्वजनिक मंचों पर हंगामा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता राजनीतिक दलों और उनके जनप्रतिनिधियों के कार्यों एवं व्यवहार का मूल्यांकन अपने विवेक से करेगी। लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है और जनता अपने मताधिकार से हर राजनीतिक दल को जवाब देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *