अल्मोड़ा-देश में कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।इसी क्रम में 14 नवंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय अल्मोड़ा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ऑब्जर्वर संजय चोकर ने प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर तीखे सवाल उठाए।उन्होंने वोट चोरी के आरोपों को लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय बताते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।प्रेस वार्ता में संजय चोकर ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मताधिकार है।प्रत्येक नागरिक को अपने मत का प्रयोग करने का अधिकार है और इस अधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की जिम्मेदारी है।उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं,लेकिन इन सवालों पर सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब सामने नहीं आ रहा है।उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास कायम रहना बेहद जरूरी है और किसी भी प्रकार की अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।मतदाता सूची से लेकर मतदान प्रक्रिया तक हर स्तर पर पारदर्शिता होनी चाहिए,ताकि किसी भी मतदाता को उसके अधिकार से वंचित न होना पड़े।उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे को आम जनता तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।संजय चोकर ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता से सवाल पूछना विपक्ष की जिम्मेदारी है।जनता के मत की गरिमा और चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।उन्होंने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया।प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज, महानगर अध्यक्ष कांग्रेस तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेसी तारा चंद्र साह सहित जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी,पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
