अल्मोड़ा-उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अल्मोड़ा सांगठनिक जिले के सभी 15 मंडलों के 120 शक्ति केंद्रों में 13 से 15 नवंबर तक राज्य स्थापना दिवस सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से भाजपा संगठन राज्य निर्माण के ऐतिहासिक संघर्ष, पृथक उत्तराखंड के निर्माण में भाजपा की भूमिका और राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगा।भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इन सम्मेलनों में जिला एवं मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। साथ ही स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश एवं जिला स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न शक्ति केंद्रों में वक्ता के रूप में उपस्थित रहकर राज्य निर्माण और विकास से जुड़े विषयों पर जानकारी देंगे।महेश नयाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण यहां की जनता के लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का परिणाम है। पृथक राज्य की वर्षों पुरानी मांग को देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 9 नवंबर 2000 को साकार किया गया।भाजपा ने राज्य निर्माण से लेकर उत्तराखंड के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अटल जी के कार्यकाल में उत्तराखंड को विशेष राज्य का दर्जा भी प्रदान किया गया, जिससे प्रदेश के विकास के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुले।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, कृषि, उद्यान, रोजगार और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। सीमांत क्षेत्रों से लेकर पर्वतीय गांवों तक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य केवल राज्य स्थापना का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को राज्य निर्माण के गौरवशाली इतिहास, आंदोलनकारियों के योगदान और प्रदेश की विकास यात्रा से परिचित कराना भी है। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।जिलाध्यक्ष ने जिले के सभी मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों, मंडल प्रभारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों तथा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इन सम्मेलनों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से भी अपने-अपने शक्ति केंद्रों में आयोजित होने वाले सम्मेलनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का गौरवशाली इतिहास, आंदोलनकारियों का बलिदान और राज्य की विकास यात्रा हम सभी की सामूहिक धरोहर है। भाजपा संगठन 120 शक्ति केंद्रों के माध्यम से इस इतिहास और विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है।
