कण्डारकुवा (अल्मोड़ा)-उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ आज कण्डारकुवा ब्लॉक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए हस्ताक्षर कर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार,अनियमितताओं और जनविरोधी नीतियों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी,पलायन और विकास कार्यों में अनियमितताओं से परेशान है।सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों का समाधान करने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी,महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्य एवं सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत से जुड़े मामलों और विभिन्न आरोपों को लेकर कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जा रही है। इन मामलों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी और सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य करेगी।भोज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को उजागर करेगी। यह अभियान केवल हस्ताक्षर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की मांग को लेकर जनआंदोलन का रूप लेगा।उन्होंने क्षेत्र की जनता, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करें और प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए कांग्रेस के इस जनसंघर्ष में सहयोग दें।कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *