अल्मोड़ा-समाज में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो केवल अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करते,बल्कि अपनी संवेदनशीलता,सेवाभाव और समर्पण से दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाते हैं।जरूरतमंदों की मदद हो, बेसहारा गोवंश को सहारा देना हो या किसी बेजुबान जीव की जिंदगी बचाने के लिए घंटों संघर्ष करना हो, ऐसे ही कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाने वाले पार्षद अमित साह मोनू एवं पार्षद अभिषेक जोशी को वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने गौ सेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।विशेष रूप से बेजुबान पशुओं के रेस्क्यू और उनके उपचार के लिए किए जाने वाले प्रयास यह दर्शाते हैं कि इन दोनों के लिए जनसेवा केवल एक औपचारिक जिम्मेदारी नहीं,बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।सेवा कार्यों में मिलने वाली आत्मिक संतुष्टि ही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि समाज में अच्छे कार्य करने वालों का सम्मान होना चाहिए,क्योंकि इससे न केवल उनका उत्साह बढ़ता है, बल्कि अन्य लोगों को भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा मिलती है।उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं के प्रयासों को प्रोत्साहित करना हम सभी का दायित्व है।सम्मान प्राप्त करने पर दोनों पार्षदों ने वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास आगे भी इसी प्रकार गौ सेवा, सामाजिक कार्यों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए जारी रहेगा।इस सम्मान से दोनों जनप्रतिनिधियों के समर्थकों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।स्थानीय स्तर पर भी उनके सेवाभावी कार्यों की सराहना की जा रही है।
